सहार में बड़ा फर्जीवाड़ा: डबल मोबाइल से राइड बुकिंग में खेल, टैक्सी चालक गिरफ्तार
मुंबई: सहार इलाके में ऑनलाइन कैब बुकिंग से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सहार पुलिस ने एक टैक्सी चालक को यात्रियों और ऐप-आधारित कंपनी Rapido के साथ कथित धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय अनस अली के रूप में हुई है, जो जोगेश्वरी पूर्व का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, कंपनी को कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ ड्राइवर बुकिंग सिस्टम में गड़बड़ी कर प्लेटफॉर्म को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद कंपनी के अधिकारियों ने सहार पुलिस के साथ मिलकर 12 फरवरी की रात संयुक्त कार्रवाई की। रात करीब 10:30 बजे लेवल-4 के पास एक संदिग्ध टैक्सी (MH02GH7481) की जांच की गई।
जांच के दौरान कंपनी के कर्मचारी विपिन जायसवाल ने यात्री से बुकिंग की जानकारी दिखाने को कहा, लेकिन ड्राइवर ने खुद अपने मोबाइल फोन पर बुकिंग डिटेल्स दिखाईं। इससे अधिकारियों को शक हुआ। तलाशी लेने पर पता चला कि चालक दो मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक फोन से फर्जी राइड बुकिंग तैयार करता था और दूसरे फोन से उसी बुकिंग को स्वीकार कर लेता था। इस तरीके से वह सिस्टम को चकमा देकर राइड को असली दिखाता था और कथित रूप से कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा था।
आगे की पड़ताल में यह भी पता चला कि आरोपी दो अलग-अलग अकाउंट के जरिए ऐप का संचालन कर रहा था। पुलिस ने दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कंपनी की ओर से आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कितने समय से इस तरह की गतिविधियों में शामिल था।
0 टिप्पणियाँ