मुंबई: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) और ट्री अथॉरिटी की ओर से आयोजित मुंबई फ्लावर फेस्टिवल का भव्य समापन रविवार, 8 फरवरी को वीरमाता जीजाबाई भोसले बोटैनिकल गार्डन और चिड़ियाघर, बायकुला में हुआ। तीन दिनों तक चले इस फूल महोत्सव को देखने के लिए लगभग डेढ़ लाख मुंबईकरों ने शिरकत की।
यह इस लोकप्रिय आयोजन का 29वां वर्ष था और इस बार का विषय था ‘संगीत वाद्ययंत्र’। त्योहार में रंग-बिरंगे फूलों और पत्तियों से तैयार किए गए संगीत वाद्ययंत्रों की कलाकृतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। फूलों से बनी बांसुरी, तबला, वीणा, सितार, मृदंग, गिटार, पेटी, ताल, क्लैरिनेट, ट्रम्पेट और सैक्सोफोन जैसी संरचनाओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
फेस्टिवल में विभिन्न प्रकार की बेलें, मसाला पौधे, सजावटी फूलों के साथ-साथ फल, सब्जियां और बागवानी से जुड़ी सामग्री भी प्रदर्शित की गई थी। बड़ी संख्या में लोग यहां से खाद, पौधे और बागवानी के औजार खरीदते नजर आए।
हर वर्ष एक नई थीम पर आधारित यह आयोजन पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देता है। इस साल भी स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों, पर्यावरण प्रेमियों, शिक्षाविदों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
फिल्म और कला जगत से भी कई जानी-मानी हस्तियों ने महोत्सव का दौरा किया। अभिनेत्री वर्षा उसगांवकर और अभिनेता रणजीत की मौजूदगी ने आयोजन की शोभा और बढ़ा दी।
मुंबई फ्लावर फेस्टिवल एक बार फिर साबित करता है कि महानगर की भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच प्रकृति और कला के लिए लोगों का प्रेम आज भी उतना ही गहरा है। 🌸
0 टिप्पणियाँ