
मुंबई। शहर में दशहरा और गांधी जयंती एक ही दिन (2 अक्टूबर) को मनाए जाने के चलते सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुंबई पुलिस ने राजनीतिक दलों की बड़ी सभाओं और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूसों को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। कुल मिलाकर 16,500 से अधिक कांस्टेबल और करीब 2,900 अधिकारी पूरे शहर में सुरक्षा संभालेंगे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना (शिंदे गुट) गोरेगांव के नेस्को सेंटर में अपनी वार्षिक दशहरा सभा आयोजित करेगी। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे की पारंपरिक दशहरा रैली दादर के शिवाजी पार्क में होगी। दोनों ही सभाओं में बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने की संभावना है।
भीड़ और यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए सात अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 26 उपायुक्त, 52 सहायक आयुक्त, 2,890 अधिकारी और 16,552 कांस्टेबलों को ड्यूटी पर लगाया गया है। इसके साथ ही राज्य रिजर्व पुलिस (एसआरपी) की टुकड़ियां, त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस), डॉग स्क्वॉड, डेल्टा फोर्स, कॉम्बैट और दंगा नियंत्रण दस्ते तथा होमगार्ड भी तैनात किए गए हैं।
संवेदनशील इलाकों में भीड़ प्रबंधन और निवारक सुरक्षा उपायों को बढ़ा दिया गया है। वहीं, मुंबई यातायात पुलिस ने भी विशेष व्यवस्था की है। रैलियों और विसर्जन जुलूसों को देखते हुए कई मार्गों पर यातायात में बदलाव किया गया है ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना से बचा जा सके।
0 टिप्पणियाँ