
मुंबई के मालवणी इलाके में मिली महिला की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने आरोपी ऑटो रिक्शा चालक चंद्रपाल रामखिलाड़ी उर्फ 'नेता' (34) को उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म कर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी बलात्कार के बाद हत्या की पुष्टि हुई है।
25 सितंबर को मालवणी चर्च के पास सावंत कंपाउंड के नजदीक एक सुनसान जगह पर महिला का अर्धनग्न शव बरामद हुआ था। मृतका कांदिवली के चारकोप इलाके में अपनी मां और बेटी के साथ रहती थी। वह पहले बार डांसर के रूप में काम कर चुकी थी।
फोटोग्राफ के आधार पर मृतका की पहचान उसके परिजनों ने की। इसके बाद मालवणी पुलिस ने हत्या और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया। साथ ही क्राइम ब्रांच ने भी समानांतर जांच शुरू की।
जांच के दौरान महिला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स से पता चला कि वह अक्सर आरोपी से संपर्क में रहती थी। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिससे शक और गहरा हो गया। उसके मोबाइल टावर लोकेशन और बैंक ट्रांजैक्शन से उसकी मौजूदगी मथुरा में पाई गई।
इसके बाद मालवणी पुलिस की टीम मथुरा पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद उसे मुंबई लाया गया। मंगलवार को उसे बोरीवली कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 6 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि यह जघन्य अपराध 24 सितंबर को अंजाम दिया गया था, जबकि महिला का शव अगले दिन बरामद हुआ।
0 टिप्पणियाँ