Ticker

6/recent/ticker-posts

Top ad

Responsive Advertisement

बॉम्बे हाई कोर्ट के जज को निशाना बनाने वाला जामताड़ा का युवक मुंबई में गिरफ्तार।


मुंबई की कफ परेड पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए झारखंड के जामताड़ा निवासी 25 वर्षीय युवक मजह़र आलम इसराइल मियां को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को ग्राहक सेवा प्रतिनिधि बताकर बॉम्बे हाई कोर्ट के एक जज को निशाना बनाया और क्रेडिट कार्ड रिवार्ड पॉइंट्स के नाम पर ₹6.02 लाख की धोखाधड़ी की।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक फर्जी कस्टमर केयर नंबर और फिशिंग ऐप के जरिये यह ठगी की। जज साहब को भरोसा दिलाने के बाद आरोपी ने मोबाइल में मैलवेयर लिंक भेजा, जिससे संवेदनशील जानकारी उसके हाथ लग गई और उसने रिवार्ड पॉइंट्स रिडीम कर रकम निकाल ली।
कफ परेड पुलिस ने बताया कि इस मामले की जांच को करीब दस दिन का समय लगा। टीम को जामताड़ा साइबर सेल और कर्माटांड़ थाने की सहायता भी मिली। तकनीकी विश्लेषण, कॉल डेटा रिकॉर्ड और बैंकिंग ट्रेल का पीछा करते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंची।
जांच में यह भी सामने आया कि मजह़र आलम का नाम देश के 10 राज्यों में फैले कम से कम 36 साइबर अपराध मामलों से जुड़ा हुआ है। जामताड़ा लंबे समय से साइबर धोखाधड़ी का गढ़ माना जाता है, और आरोपी यहां सक्रिय गिरोहों से संपर्क में था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेले काम करता था या किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फर्जी ऐप बनाने और बैंकिंग जानकारी चुराने में किस तरह की तकनीक का इस्तेमाल किया गया।
फिलहाल आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ