मुंबई को 'बॉम्बे' कहने पर एमएनएस ने दी चेतावनी
कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में कनाडा में उनके रेस्टोरेंट के बाहर फायरिंग की घटना और सिख समाज की भावनाएँ आहत करने के बाद अब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने उन्हें चेतावनी दी है।
एमएनएस के फिल्म विंग के अध्यक्ष अमेय खोपकर ने गुरुवार को कहा कि कपिल शर्मा के शो में मुंबई को बार-बार "बॉम्बे" या "बंबई" कहकर संबोधित किया जाता है, जो स्वीकार्य नहीं है।
"मुंबई का अपमान बर्दाश्त नहीं"
खोपकर ने मीडिया से बात करते हुए कहा,
"इस शहर का नाम मुंबई है। कपिल शर्मा के शो में लंबे समय से मुंबई को बॉम्बे या बंबई कहा जा रहा है। यह आपत्ति नहीं बल्कि गुस्सा है। आप चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता को उनके सही नाम से बुलाते हैं, तो मुंबई का अपमान क्यों? मुंबई आपकी कर्मभूमि रही है, यहीं से आपको पहचान मिली है। इसलिए इस शहर और यहां के लोगों का अपमान मत कीजिए।"
उन्होंने आगे कहा, "अगर यह गलती से हुआ है तो तुरंत सुधार करें। शो में आने वाले मेहमानों और एंकर सभी को पहले से बता दें कि वे सिर्फ 'मुंबई' कहें। अगर ऐसा नहीं हुआ तो एमएनएस सड़कों पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेगी।"
शिल्पा-शमिता शेट्टी वाले एपिसोड से जुड़ा मामला
यह विवाद उस वीडियो के बाद उठा जिसमें शिल्पा शेट्टी, शमिता शेट्टी, हुमा कुरैशी और साकिब सलीम कपिल शर्मा के शो पर नज़र आए थे। इस दौरान बातचीत में हुमा कुरैशी ने अपने भाई का ज़िक्र करते हुए मुंबई को "बॉम्बे" कहा।
कपिल का शो नेटफ्लिक्स पर
फिलहाल कपिल शर्मा नेटफ्लिक्स पर 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' होस्ट कर रहे हैं। शो का तीसरा सीज़न 21 जून से स्ट्रीम हो रहा है।
0 टिप्पणियाँ