मुंबई में मानसून की एंट्री के साथ ही आफत की बारिश, ट्रैफिक पुलिस बनी मसीहा ।


मुंबई: महाराष्ट्र में मानसून के दस्तक देने के अगले ही दिन मुंबई पानी-पानी हो गई। शहर में भारी जलभराव के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, और मुंबईकरों का गुस्सा सीधे बीएमसी (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) पर फूटा।

हालांकि इस कठिन घड़ी में एक बार फिर मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने अपनी निष्ठा और सेवा से लोगों का दिल जीत लिया। भीषण बारिश के बावजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी सड़कों पर डटे रहे और जलभराव में फंसे लोगों की मदद करते नजर आए।

मुंबई के माटुंगा इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रैफिक पुलिस के जवान पानी में फंसे वाहनों को निकालने में मदद करते दिखाई दे रहे हैं। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं।

107 साल का रिकॉर्ड टूटा
सोमवार को हुई बारिश ने बीते 107 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। भारी बारिश के चलते मुंबई के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी काफी नुकसान पहुंचा। हालात का जायजा लेने खुद राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बीएमसी के कंट्रोल रूम पहुंचे।

बीएमसी की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर यूजर्स ने जमकर नाराजगी जताई, वहीं ट्रैफिक पुलिस की तारीफों के पुल बांधे गए। ‘थैंक यू मुंबई पुलिस’ जैसे संदेश ट्विटर और इंस्टाग्राम पर ट्रेंड करने लगे।

नालों की सफाई अधूरी, मुश्किल में फंसे मुंबईकर
इस बार मानसून अपने निर्धारित समय से 16 दिन पहले ही मुंबई पहुंच गया — यह 1950 के बाद पहली बार हुआ है जब मानसून इतनी जल्दी आया है। नालों की सफाई समय पर पूरी न होने की वजह से शहर के कई हिस्सों में जलभराव की गंभीर स्थिति बनी रही।

मंगलवार को मिली राहत, पर अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार की मूसलाधार बारिश के बाद मंगलवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया था, लेकिन मंगलवार को अपेक्षाकृत कम बारिश हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में मुंबई और उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश और बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ