जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। इस हमले में 26 टूरिस्टों की आतंकियों ने निर्मम हत्या कर दी थी। घटना के बाद केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए पाकिस्तान के नागरिकों के सभी मौजूदा वैध वीजा 27 अप्रैल से रद्द कर दिए हैं। केवल मेडिकल वीजा को 29 अप्रैल तक मान्यता दी गई है।
महाराष्ट्र में 55 पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का नोटिस
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में रह रहे 55 पाकिस्तानी नागरिकों को 27 अप्रैल तक भारत छोड़ने का आदेश दिया है। गृह विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नागपुर में 18, ठाणे में 19, जलगांव में 12 और पुणे में तीन पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं। नवी मुंबई, मुंबई और रायगढ़ में एक-एक पाकिस्तानी नागरिक मौजूद हैं। सभी स्थानीय पुलिस आयुक्तों और अधीक्षकों को तय समयसीमा के भीतर इन नागरिकों की वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नासिक में भी छह पाकिस्तानी महिलाएं रह रही हैं, लेकिन वहां आधिकारिक आदेश अब तक नहीं पहुंचे हैं। राज्य सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, महाराष्ट्र में कुल 5,037 पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं, जिनमें से 107 नागरिक लापता और 34 अवैध रूप से रह रहे हैं।
कर्नाटक में भी सख्त कार्रवाई
कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने जानकारी दी कि राज्य में पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान का कार्य तेज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जो भी टूरिस्ट वीजा या अल्पकालिक वीजा पर हैं, उन्हें तुरंत देश छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। कलबुर्गी के पुलिस आयुक्त शरणप्पा एसडी ने बताया कि शहर में रह रहे नौ पाकिस्तानी नागरिकों में से छह को डिपोर्टेशन का आदेश दिया गया है। छात्रों को भी इस आदेश के तहत देश छोड़ने के लिए कहा गया है, क्योंकि उन्हें किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी गई है।
बिहार सरकार ने भी शुरू की कार्रवाई
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र के निर्देशों का पालन करते हुए पाकिस्तानी नागरिकों को चिन्हित कर उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया तेज कर रही है। पटना पुलिस के अनुसार, शहर में रह रहीं पाकिस्तानी महिलाएं लंबी अवधि के वीजा पर हैं। इनमें से तीन महिलाओं ने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन किया है, जबकि एक महिला का पटना में मुकदमा चल रहा है।
ओडिशा में 12 पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान
ओडिशा के पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया ने जानकारी दी कि राज्य में 12 पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर ली गई है और उन्हें नोटिस जारी कर 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि जल्द ही बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ भी व्यापक कार्रवाई शुरू की जाएगी। अभी तक राज्य में 3,738 बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान की जा चुकी है।
केंद्र सरकार ने राज्यों को दिए सख्त निर्देश
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से सीधी बातचीत कर त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर उनकी वापसी की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
0 टिप्पणियाँ