भारी बारिश में लूटखसोट करने वाले 147 ऐप-आधारित टैक्सी सेवाओं पर गिरी गाज
मुंबई: पिछले चार दिनों से मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोकल ट्रेन और बस सेवाएँ बुरी तरह प्रभावित रहीं। ऐसे में यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए कई ऐप-आधारित टैक्सी सेवाओं ने किराए में मनमानी की।
राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आमतौर पर 200 रुपये का किराया लेने वाली टैक्सियाँ बारिश के दिनों में 600 से 800 रुपये तक वसूल रही थीं। इसे यात्रियों की लूट बताया गया और परिवहन विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मंत्री सरनाईक ने स्पष्ट कहा, “ऐसी कंपनियाँ आपदा की स्थिति में यात्रियों का शोषण कर रही हैं। इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। यदि जरूरत पड़ी तो लाइसेंस भी रद्द किया जाएगा।”
निर्देशों के बाद परिवहन विभाग और मुंबई पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर 147 ऐप-आधारित टैक्सी सेवाओं पर कार्रवाई की। इनमें से 36 टैक्सी सेवाओं पर यात्रियों से अत्यधिक किराया वसूलने का मामला दर्ज किया गया है।
परिवहन मंत्री ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती से भी चर्चा की और सुझाव दिया कि साइबर सेल को भी इस मामले में शामिल किया जाए, ताकि ऐप कंपनियों की गड़बड़ियों पर तकनीकी स्तर पर भी नकेल कसी जा सके।
0 टिप्पणियाँ