मानसून ने शनिवार को केरल में आधिकारिक रूप से दस्तक दे दी है और अब यह देश के अन्य हिस्सों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच सोमवार सुबह मुंबई में तेज बारिश और आंधी के कारण जनजीवन पर गहरा असर पड़ा। भारी बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
कुर्ला, सायन, दादर और परेल जैसे निचले इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति देखी गई। सड़कों पर पानी भर जाने से वाहन रेंगते नजर आए। लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। सेंट्रल, वेस्टर्न और हार्बर लाइनों पर ट्रेनों की रफ्तार धीमी पड़ी और कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से पीछे चल रही हैं।
तेज बारिश और तूफानी हवाओं का असर हवाई सेवाओं और लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ा है। मुंबई आने-जाने वाली कई उड़ानें देर से चल रही हैं या रद्द करनी पड़ी हैं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे और अन्य प्रभावित इलाकों की स्थिति की समीक्षा की है। उन्होंने आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात का जायजा लिया और आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली।
मौसम विभाग की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार सुबह मुंबई और आसपास के इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग ने बताया कि अगले 3 से 4 घंटों के भीतर कुछ इलाकों में तेज बिजली चमकने, भारी वर्षा और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बारिश के आँकड़े
सुबह 9 से 10 बजे के बीच सबसे ज्यादा वर्षा नरीमन पॉइंट फायर स्टेशन पर दर्ज की गई, जहाँ एक घंटे में 104 मिमी बारिश हुई। अन्य क्षेत्रों में भी बारिश के आंकड़े कुछ इस प्रकार रहे:
- ए वार्ड ऑफिस: 86 मिमी
- कोलाबा पंपिंग स्टेशन: 83 मिमी
- नगर निगम मुख्यालय: 80 मिमी
- कोलाबा फायर स्टेशन: 77 मिमी
- ग्रांट रोड आई हॉस्पिटल: 67 मिमी
- मेमनवाड़ा फायर स्टेशन: 65 मिमी
- मालाबार हिल: 63 मिमी
- डी वार्ड: 61 मिमी
भारी बारिश के मद्देनज़र प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक आवश्यक न हो, वे घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें है।
0 टिप्पणियाँ