भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के बीच मुंबई में बम की धमकी, टाटा मेमोरियल अस्पताल और इंडिगो फ्लाइट अलर्ट पर।



मुंबई से खबर: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के माहौल के बीच देशभर में सुरक्षा व्यवस्था चौकस है। इसी क्रम में मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ईमेल मिला, जिससे हड़कंप मच गया।

मुंबई पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह अस्पताल के आधिकारिक ईमेल पर एक संदेश मिला, जिसमें परिसर में बम होने की बात कही गई थी और मरीजों को तत्काल बचाने की अपील की गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने इसे अफवाह करार दिया है और फिलहाल मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

भोईवाड़ा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि ईमेल धमकी के आधार पर सतर्कता बरती गई और सुरक्षा के सभी जरूरी उपाय किए गए। उन्होंने कहा कि धमकी किसने भेजी, इसका पता लगाने के लिए साइबर क्राइम यूनिट की मदद ली जा रही है।

इंडिगो फ्लाइट को भी मिली धमकी:
इसी तरह दो दिन पहले चंडीगढ़ से मुंबई आने वाली इंडिगो फ्लाइट को भी बम की धमकी मिली थी। मुंबई के सहार एयरपोर्ट की हॉटलाइन पर आए एक फोन कॉल में दावा किया गया था कि फ्लाइट में बम है। सूचना मिलते ही फ्लाइट को मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया। तलाशी के बाद फ्लाइट में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

फिलहाल मुंबई पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही हैं।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ