कोविड-19 को लेकर देश में सतर्कता बढ़ी, छिटपुट मामलों के बीच लोगों से घबराने की अपील नहीं ।


ठाणे नगर निगम ने जानकारी दी है कि छत्रपति शिवाजी महाराज कलवा अस्पताल में भर्ती 21 वर्षीय युवक की कोविड-19 के इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। यह युवक ठाणे के मुंब्रा का निवासी था और 22 मई, 2025 को अस्पताल में भर्ती हुआ था।

इसी प्रकार, कर्नाटक के बेंगलुरु में गंभीर बीमारियों से पीड़ित 84 वर्षीय एक व्यक्ति की 17 मई को मल्टी-ऑर्गन फेल्योर से मृत्यु हो गई। शनिवार को प्राप्त रिपोर्ट में उसकी कोविड-19 जांच पॉजिटिव पाई गई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, हाल के दिनों में कर्नाटक में 32 सहित राज्य भर में कुल 38 कोविड-19 मामले दर्ज किए गए हैं। स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए कर्नाटक और दिल्ली सहित कई राज्यों ने सावधानी बरतने की एडवाइजरी जारी की है, लेकिन नागरिकों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है।

इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुरंजीत चटर्जी ने कहा, "फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। ज़्यादातर मामले हल्के हैं और आसानी से मैनेज किए जा रहे हैं।"

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलीला श्रीवास्तव ने शनिवार को तमिलनाडु, केरल, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में अब तक कुल 257 सक्रिय कोविड-19 मामले हैं, जिनमें अधिकांश को अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता नहीं है।

स्वास्थ्य मंत्रालय देशभर में आईडीएसपी और आईसीएमआर के माध्यम से सांस की बीमारियों की निगरानी कर रहा है। मंत्रालय ने लोगों को हाथों की स्वच्छता बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनने और अनावश्यक समारोहों से बचने की सलाह दी है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ