मुंबई |
मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) इलाके में रहने वाले एक 56 वर्षीय मीडिया एग्जीक्यूटिव ऑनलाइन विदेशी करेंसी और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हो गए। आरोपी ठगों ने उन्हें व्हाट्सएप मैसेज के जरिए झांसा देकर कुल ₹39 लाख का चूना लगाया
।ऐसे रची गई साजिश
25 जुलाई को पीड़ित को व्हाट्सएप पर एक महिला ने मैसेज किया। खुद को अनिशा नायर बताने वाली इस महिला ने विदेशी मुद्रा और शेयर बाजार में निवेश कर 20% तक मुनाफे का लालच दिया। शुरुआत में एग्जीक्यूटिव ने दिलचस्पी दिखाई और आगे बढ़े।
4 अगस्त को महिला ने उन्हें एक लिंक भेजा और व्यक्तिगत जानकारी भरकर “ट्रेडिंग अकाउंट” खोलने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने पहली बार ₹50,000 का निवेश किया। अकाउंट में 20% मुनाफा दिखा और रकम निकाल भी ली, जिससे उन्हें भरोसा हो गया।
धीरे-धीरे फंसते गए जाल में
पहले मुनाफे से उत्साहित होकर उन्होंने लगातार बड़ी रकम निवेश करना शुरू किया। लेकिन 2 सितंबर को जब उन्होंने ज्यादा पैसे निकालने की कोशिश की तो उन्हें ₹22 लाख “एक्सचेंज फीस” चुकाने को कहा गया।
ठग महिला ने कहा कि वह ₹5 लाख खुद भर देगी और बाकी ₹17 लाख पीड़ित से मांगे। भरोसा कर पीड़ित ने रकम ट्रांसफर कर दी। इस तरह 18 अलग-अलग लेन-देन में कुल ₹39 लाख आरोपीयों के खातों में चले गए।
अकाउंट बंद, ठगी का अहसास
इसके बाद जब उनसे और ₹40 लाख मांगे गए और उन्होंने इंकार कर दिया, तो उनका पूरा ट्रेडिंग अकाउंट बंद कर दिया गया। स्क्रीन से अकाउंट गायब होते ही उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
साइबर पुलिस में मामला दर्ज
10 सितंबर को पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज की और बाद में सेंट्रल साइबर पुलिस स्टेशन जाकर सभी बैंक डिटेल्स और ट्रांज़ैक्शन रिकॉर्ड सौंपे। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
0 टिप्पणियाँ