मुंबई — भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र में आगामी कुछ दिनों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मुंबई समेत कोंकण क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मुंबई में बादल छाए, तेज बारिश की संभावना
मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में बुधवार शाम से ही बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है। आज 13 जून को सुबह 9 बजे तक शहर का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा की रफ्तार 14 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम विभाग के अनुसार, आज पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
हफ्ते भर ऐसा ही रहेगा मौसम
IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, 15 जून तक मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और बारिश जारी रहेगी। तापमान 26 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। कई निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
महाराष्ट्र के अन्य क्षेत्रों में भी अलर्ट
कोंकण क्षेत्र के तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के तहत रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने नागरिकों और प्रशासन से आग्रह किया है कि वे सावधानी बरतें और आवश्यकतानुसार सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। यात्रियों को गैर-जरूरी यात्रा टालने की सलाह दी गई है।
0 टिप्पणियाँ