वॉशिंगटन/नई दिल्ली/इस्लामाबाद: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि भारत और पाकिस्तान ने तत्काल प्रभाव से पूर्ण युद्धविराम (सीजफायर) पर सहमति जता दी है। यह समझौता अमेरिका की मध्यस्थता में लंबे प्रयासों के बाद संभव हुआ है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ सोशल' पर इस बात की जानकारी साझा की।
ट्रंप ने पोस्ट में लिखा, "अमेरिका की मध्यस्थता में लंबे समय से चल रही कोशिशों के बाद मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान ने तत्काल प्रभाव से पूर्ण युद्धविराम के लिए सहमति दे दी है। दोनों देशों को बधाई।"
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस खबर की पुष्टि की और कहा कि यह फैसला क्षेत्र में स्थिरता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस समझौते की पुष्टि की। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान और भारत ने तत्काल प्रभाव से युद्धविराम पर सहमति जताई है। पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा की दिशा में प्रयास किए हैं।"
यह समझौता ऐसे समय पर हुआ है जब दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया था। 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पाकिस्तान ने भारत पर कई हवाई हमले करने की कोशिश की थी, जिन्हें भारतीय सेना ने विफल कर दिया।
0 टिप्पणियाँ